पंजाब के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए नई-नई चालें चल रही है आप सरकार: परगट सिंह
– विधायक परगट सिंह बोले: आप और भाजपा कर रहे हैं आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति
-लॉ एंड ऑर्डर, लैंड पूलिंग, बेअदबी, एस.वाई.एल. और शिक्षा नीति जैसे अहम मुद्दों पर मौन है सरकार
चंडीगढ़/जालंधर, 12 जुलाई 2025:
जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वह पंजाब के ज्वलंत मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए हर दिन एक नया इवेंट और कंटेंट क्रिएट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के खिलाफ की गई व्यंग्यात्मक और मर्यादाहीन टिप्पणी, असल मुद्दों से भागने की कोशिश है।
परगट सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। पंजाब आज जिन असली संकटों से जूझ रहा है, उनसे ध्यान हटाने के लिए ऐसे बयानबाज़ी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
परगट सिंह ने कहा कि अब आम आदमी पार्टी और भाजपा एक-दूसरे के पुतले जलाकर जनता का ध्यान भटका रही हैं, जबकि कानून व्यवस्था, ड्रग्स, लैंड पूलिंग, बेअदबी, एसवाईएल और शिक्षा नीति जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार चुप्पी साधे बैठी है। उन्होंने सरकार को सार्थक, पारदर्शी और जवाबदेह बहस की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने याद दिलाया कि सत्र का विस्तार कांग्रेस पार्टी को मौखिक आश्वासन के बाद किया गया था। कहा गया था कि पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था की स्थिति और अत्यधिक विवादास्पद लैंड पूलिंग नीति पर चर्चा करने के लिए प्रत्येक को एक दिन आंविटक किया जाएगा। सरकार को इन ज्वलंत मुद्दों को दरकिनार नहीं करना चाहिए।
------------
आप और भाजपा हैं एक ही सिक्के के दो पहलू
परगट सिंह ने कहा कि आज पंजाब में आम आदमी पार्टी भाजपा को ऑक्सीजन दे रही है, ताकि राज्य में उसका आधार मजबूत किया जा सके। वहीं दूसरी ओर, गुजरात जैसे राज्यों में जहां भाजपा की लोकप्रियता घट रही है, वहां आम आदमी पार्टी को एक वैकल्पिक विपक्ष के रूप में खड़ा किया जा रहा है, जिससे सत्ता उन्हीं के हाथ में बनी रहे।
हमें इस राजनीति को राष्ट्रीय स्तर पर समझना होगा। आम आदमी पार्टी और भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। पर्दे के पीछे इनका तालमेल है, और इनका मकसद असल मुद्दों से जनता को दूर रखना है।
मुख्यमंत्री चुप क्यों हैं?
परगट सिंह ने सवाल किया कि मुख्यमंत्री नई शिक्षा नीति, जो भारतीय जनता पार्टी केंद्र में लागू कर रही है और पंजाब की नदियों व एसवाईएल जैसे मुद्दों पर कोई बात क्यों नहीं कर रहे? क्या ये मुद्दे पंजाब के युवाओं और किसानों से जुड़े नहीं हैं? अगर हां, तो मुख्यमंत्री को इन पर चर्चा करनी चाहिए, लेकिन वे सिर्फ सोशल मीडिया के कंटेंट और पुतला राजनीति में ही व्यस्त हैं।
कांग्रेस देगी जवाबदेही सुनिश्चित
परगट सिंह ने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी आम आदमी पार्टी को इन जनहित के मुद्दों से पीछे नहीं हटने देगी। सरकार को चाहिए कि वह इन मुद्दों पर खुलकर चर्चा करे, ताकि पंजाब की शांति बहाल हो सके और लोगों में फैले डर और असुरक्षा की भावना को खत्म किया जा सके।
जारीकर्ता:
कार्यालय, श्री परगट सिंह
विधायक,